![]() |
www.BharatiBhawan.org |
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
1. पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर प्रकाश डालें।
अथवा, पाकिस्तान के आर्थिक संसाधनों का विस्तृत विवरण दें।
उत्तर- पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में कृषि, खनिज एवं उद्योगों का विशेष महत्व है। पाकिस्तान के कुल क्षेत्रफल का 19% भाग कृषि योग्य है, जिसपर 72% लोग आश्रित हैं। यहाँ की मुख्य उपज गेहूँ, गन्ना, कपास और ज्वार- बाजरा है। कृषि के लिए यहाँ सिंचाई की व्यवस्था पर्याप्त है। कुल कृषि योग्य भूमि के आधा भाग पर गेहूँ की खेती की जाती है। सिंचित क्षेत्रों में गन्ने एवं धान की खेती होती है। इसके अतिरिक्त यहाँ मकई, चना, तंबाकू, तेलहन इत्यादि की भी खेती की जाती है। पर्वतीय भागों में फलों की भी खेती होती है। नकदी फसलों में 15 प्रतिशत भू-भाग पर कपास और 5 प्रतिशत भू-भाग पर गन्ना उत्पादित किया जाता है।
खनिज संसाधनों की दृष्टि से यह देश संपन्न नहीं है। वहाँ पेट्रोलियम बालाकासार, खैरपुर, अटक एवं चाकवाल में पाया जाता है। रावलपिंडी, मजराबल तथा हैदराबाद के क्षेत्रों से कोयला निकाला जाता है। अटक सरगोधा, जितरल और मियाँवाली क्षेत्रों में लौह अयस्क मिलता है। बलूचिस्तान की जोब घाटी में क्रोमियम पाया जाता है। लासबेला और कोहाट क्षेत्रों में मैंगनीज की खानें है जबकि सूई, खैरपुर और लायलपुर में प्राकृतिक गैस पाई जाती है। -
उद्योग-धंधों की दृष्टि से यहाँ सूती - ऊनी वस्त्र, चीनी, सीमेंट, दियासलाई, खेल के समान, विद्युत उपकरण, तेल शोधन, लोहा-इस्पात एवं कागज उद्योग उल्लेखनीय हैं। मारदान की चीनी मिल एशिया की सबसे बड़ी चीनी मिल हैं।
इस देश की अर्थव्यवस्था में आयात निर्यात का महत्वपूर्ण स्थान है। यहाँ से निर्यात की जानेवाली वस्तुओं में कपड़ा, ऊन, सेंधा नमक, सूखे फल, गेहूँ, दरी, कागज, तंबाकू, जूते इत्यादि उल्लेखनीय हैं जबकि आयात की जानेवाली वस्तुओं में मशीनरी, कोयला, पेट्रोलियम, कागज, रसायन, रबड़, तंबाकू, इस्पात महत्त्वपूर्ण हैं।
2. पाकिस्तान के जलवायु की विशेषताओं का वर्णन करें।
उत्तर- शीतोष्ण क्षेत्र में स्थित पाकिस्तान का जलवायु विविधतापूर्ण है। यहाँ मॉनसूनी एवं उष्ण मरुस्थलीय दोनों प्रकार का जलवायु पाया जाता है। तटीय भागों में यहाँ आर्द्र जलवायु मिलता है तो मरुभूमि क्षेत्रों में शुष्क तथा पर्वतों पर शीत जलवायु की परिस्थितियाँ मिलती हैं।
एशिया का सबसे गर्म स्थान जैकोबाबाद यही स्थित है जिसका तापमान 55°C से भी अधिक हो जाता है। यहाँ वर्षा का नितांत अभाव है, क्योंकि यहाँ न तो बंगाल की खाड़ी और न ही अरब सागर की मॉनसूनी शाखा से वर्षा होती है, जाड़े में भूमध्यसागर से आनेवाले चक्रवात से थोड़ी वर्षा हो जाती है।
पाकिस्तान में चार ऋतुएँ होती है- दिसंबर से फरवरी तक शीत ऋतु, मार्च से मई तक उष्ण शुष्क वसंत ऋतु, जून से सितंबर तक वर्षा ऋतु (दक्षिण-पश्चिम मॉनसून से) एवं अक्टूबर से नवंबर तक उत्तर पूर्वी मॉनसून से चक्रवाती वर्षा ऋतु की स्थितियाँ पाई जाती है।
तापमान की दृष्टि से जनवरी महीने में इस्लामाबाद का औसत तापमान 2°C तथा जून मैं 40°C तक चला जाता है जबकि दक्षिण में तट पर स्थित कराची का यही तापमान क्रमशः 13°C एवं 15°C के बीच रहता है।
वर्षा की स्थिति भी यहाँ काफी विविध है। क्षेत्रीय वितरण की दृष्टि से उत्तर में 70-80 सेंटीमीटर, पूर्वी मैदान में 35-50 सेंटीमीटर तथा पश्चिम में 10-25 सेंटीमीटर वर्षा होती है। पाकिस्तान में वर्षा का औसत 35 सेंटीमीटर है। पश्चिमी भाग एवं पूर्वी मरुस्थलीय भाग शुष्क रहता है। वर्षा की अनियमितता के कारण दक्षिण भागों में बाढ़ एवं सभी भागों में सूखे की स्थिति रहती है। अक्टूबर-नवंबर के चक्रवाती तूफानों में ओलावृष्टि सामान्य बात है।
Hello My Dear, ये पोस्ट आपको कैसा लगा कृपया अवश्य बताइए और साथ में आपको क्या चाहिए वो बताइए ताकि मैं आपके लिए कुछ कर सकूँ धन्यवाद |